
खेत से लौट रहे युवक से मारपीट, बाइक छीनने का आरोप;
* तीन पर नामजद तहरीर ग्राम भारसी में रात्रि घटना, पुलिस ने जांच शुरू की
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के ग्राम भारसी में खेत से घर लौट रहे एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भारसी निवासी ऋषिपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र सत्यम 30 मार्च की रात करीब 11 बजे अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से खेत से घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव में ही विरेन्द्र पुत्र बलवीर, दिनेश पुत्र विरेन्द्र और आशु पुत्र तेजवीर ने उसे रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, तीनों आरोपियों ने सत्यम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह जान बचाकर वह मौके से भाग निकला, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल आरोपियों के पास ही रह गई। आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित के पिता ऋषिपाल ने थाना कांधला पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को तहरीर सौंपी और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।