
मोहब्बत का मंजर बना तमाशा: जिम में भिड़ी पत्नी और प्रेमिका
एक रिश्ते की दरार अब बन गई पूरे कस्बे की चर्चा आगे क्या होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे में बुधवार को उस समय जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने अपने पति की कथित प्रेमिका को जिम में पकड़ लिया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कस्बे के एक प्रतिष्ठित मिष्ठान भंडार से जुड़े युवक की शादी पहले ही हो चुकी है, लेकिन उसका क्षेत्र के एक गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती कस्बे में किराए के कमरे पर रहती है और आरोप है कि युवक अक्सर उसके साथ वहीं समय बिताता था। इस बीच पत्नी को पति की गतिविधियों पर शक हो गया और वह कई दिनों से उस पर नजर रख रही थी।
बुधवार को महिला को सूचना मिली कि उसका पति रेलवे रोड स्थित एक जिम में उस युवती के साथ मौजूद है। महिला तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन पति मौका देखकर वहां से फरार हो गया। इसके बाद महिला ने जिम में ही पति की प्रेमिका के साथ जमकर कहासुनी और हंगामा किया। गुस्से में महिला ने अपने ससुराल पक्ष और परिजनों को फोन कर मौके पर बुलाया, वहीं मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाने ले आई। कुछ देर बाद पीड़ित महिला भी थाने पहुंची और वहां भी हंगामा किया, साथ ही अपने मायके पक्ष को मामले की जानकारी दी। हालांकि बाद में पुलिस ने युवती को छोड़ दिया, जबकि युवक को हिरासत में रखा गया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है और फिलहाल वह किसी कार्रवाई की इच्छुक नहीं है। बावजूद इसके, युवक और उसकी कथित प्रेमिका की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिससे पूरा मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है।