विकास कार्यों में गबन और धमकी का आरोप, ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से की शिकायत

 

* आरटीआई में जानकारी मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, जांच की मांग तेज

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला, विकास खंड क्षेत्र। ग्राम हुरमंजपुर में ग्राम प्रधान पर विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धनराशि के गबन और आरटीआई के तहत जानकारी मांगने वाले ग्रामीण को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले को लेकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम हुरमंजपुर निवासी ब्रजपाल सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान द्वारा न तो कोई नया विकास कार्य कराया गया और न ही पूर्व में कराए गए कार्यों जैसे तालाब निर्माण व खड़ंजा निर्माण को ग्रामीणों के सामने स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया गया। आरोप है कि पुराने कार्यों को नया दिखाकर शासन से प्राप्त धनराशि का गलत उपयोग और गबन किया गया।पीड़ित के अनुसार, जब ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा तो उन्हें लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा। इसके बाद ब्रजपाल सिंह ने आरटीआई 2005 के तहत विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा मांगा, लेकिन आरोप है कि ग्राम प्रधान ने न केवल जानकारी देने से इनकार किया बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।

आरोप यह भी है कि प्रधान ने खुद को ‘रसूखदार’ बताते हुए कहा कि वह किसी नियम या अधिनियम को नहीं मानते और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।पीड़ित ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए सभी विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच, मदवार व्यय का ब्यौरा तलब करने तथा कथित गबन की राशि की वसूली राजस्व बकाया की तरह किए जाने की मांग की है।

फिलहाल मामला चर्चा में है और ग्रामीणों में भी जांच की मांग को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!