
मौसम बदला, बीमारियां बढ़ीं: खांसी-जुकाम के मरीजों से भरे अस्पताल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों बदलते मौसम का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग नजला, खांसी, बुखार और जुकाम जैसी मौसमी बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के चलते अस्पतालों में भीड़ उमड़ रही है। डॉक्टर और चिकित्सा स्टाफ लगातार मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध करा रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर भी मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों पर अतिरिक्त दबाव बन गया है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह के अनुसार, मौसम में बदलाव के कारण इस प्रकार की बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों की जांच की जा रही है और उन्हें उचित दवाइयां व जरूरी परामर्श दिया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे मौसम के अनुसार अपने खान-पान और रहन-सहन में सावधानी बरतें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें, ताकि समय रहते उपचार मिल सके।