
तेज आंधी-बारिश से बिजली ठप, पेड़ गिरने से पूरी रात अंधेरे में गुजरी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। देर रात आई तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कस्बे के मोहल्ला खेल में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन पर एक भारी-भरकम पेड़ गिर गया, जिससे पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति पूरी रात बाधित रही।
बिजली गुल होने से लोगों को भीषण गर्मी और अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। अचानक आई इस समस्या से मोहल्ला वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह होते ही स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग के कर्मचारी संतराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पेड़ के बिजली लाइन पर गिरने के कारण उसे हटाने में काफी दिक्कतें आईं। विभागीय कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए रस्सियों की मदद से पेड़ को लाइन से हटाया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद विद्युत आपूर्ति को दोबारा सुचारू किया जा सका।
बिजली आने के बाद मोहल्ला वासियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने विभाग की तत्परता की सराहना की, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए पेड़ों की समय-समय पर कटाई-छंटाई कराने की मांग भी उठाई।
विद्युत विभाग के कर्मचारी संतराम ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण रातभर बिजली बाधित रही, जिसे अब हटाकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।