
प्रार्थना सभा में गूंजा योग का संदेश, हजारों छात्राओं ने लिया भाग
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला,नगर के दिल्ली नेशनल हाईवे मार्ग स्थित द गोल्ड पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को समझा। इस दौरान विद्यालय स्टाफ व अन्य लोग भी मौजूद रहे।
शनिवार को आयोजित इस योग सत्र में वाराणसी से आए बी.टेक राजीव कुमार ने जीवन को सरल एवं स्वस्थ बनाने में योग और विभिन्न मुद्राओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रश्नोत्तर के माध्यम से छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए बताया कि जीवन में सबसे जरूरी तत्व वायु है तथा धरती माता सभी जीवों की जननी है।
उन्होंने मुठी बंध गोदी मुद्रा एवं प्राणायाम मुद्रा को अत्यंत लाभकारी बताते हुए डीप ब्रीदिंग का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि पेट से गहरी सांस लेने और छोड़ने का अभ्यास 18 बार करने से याददाश्त बेहतर होती है। इसके अलावा भ्रामरी योग और सूर्य नमस्कार का भी अभ्यास कराया गया, जिसे बच्चों ने बड़े उत्साह और आनंद के साथ अपनाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्रीकृष्ण पाल सिंह, प्रधानाचार्य अजय कुमार गर्ग, को-ऑर्डिनेटर करुणा सिंह, अनुराधा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।