नगर पालिका कार्यालय के बाहर जलभराव पंपिंग मशीन से शुरू हुआ पानी निकासी कार्य

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते नगर पालिका कार्यालय के बाहर गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस कारण आम नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा पानी से हालात बदतर हो गए हैं और लोगों को निकलने में कठिनाई हो रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम के निर्देश पर कर्मचारियों द्वारा पंपिंग मशीन के माध्यम से पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य जल्द से जल्द जलभराव की समस्या को खत्म कर लोगों को राहत पहुंचाना और यातायात को सुचारु बनाना है।

बताया जा रहा है कि नगर पालिका कार्यालय के सामने जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। हर वर्ष बरसात के मौसम में यहां पानी भर जाता है, जिससे सड़क की हालत और खराब हो जाती है। स्थानीय निवासियों में इस समस्या को लेकर रोष देखा जा रहा है।

कस्बा निवासी गफूर ने बताया कि सड़क की खस्ता हालत के कारण यहां जलभराव हो जाता है। वहीं नई बस्ती निवासी वसीम का कहना है कि जब नगर पालिका कार्यालय के सामने ही ऐसी स्थिति है, तो विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है। कस्बा निवासी आरिफ ने भी बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि यह समस्या उनके कार्यकाल से पहले की है, लेकिन इसके समाधान के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। फिलहाल जलनिकासी का कार्य जारी है ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

error: Content is protected !!