कम्हेडा पंचायत में लाखों की अनियमितता की शिकायत, जांच तेज
ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम कम्हेडा में ग्राम प्रधान और सचिव पर लाखों रुपये के गबन व अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में शिकायतकर्ता फखरूदीन ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की थी, जिसके बाद जांच प्रक्रिया जारी है।
बताया गया है कि 17 सितंबर, 23 सितंबर और 4 नवंबर 2025 को दिए गए प्रार्थना पत्रों के आधार पर जांच टीम गठित की गई, जिसमें सहायक अभियंता निर्माण खंड अधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता को जांच प्रभारी बनाया गया।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 से 2026 तक ग्राम पंचायत में सफाई कार्य के नाम पर 21,26,674 रुपये निकाले गए, जबकि गांव में सफाई का कोई ठोस प्रमाण नहीं है। इसके अलावा इंटरलॉकिंग, नाला निर्माण, सोलर लाइट और हैंडपंप मरम्मत के नाम पर भी लाखों रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है, जबकि कई कार्य पूर्व में ही कराए जा चुके थे या धरातल पर मौजूद नहीं हैं।
12 फरवरी को जांच टीम ने गांव पहुंचकर निरीक्षण किया और ग्राम प्रधान को सभी संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। वहीं 6 अप्रैल को सहायक अभियंता कामेश्वर प्रसाद गुप्ता और अन्य अधिकारी पुनः जांच के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान से सभी दस्तावेज मांगे गए हैं और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है, जल्द ही जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान भी ग्राम प्रधान सहयोग नहीं कर रहा है और साक्ष्य उपलब्ध कराने में टालमटोल कर रहा है।
वहीं ग्राम प्रधान ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा पूर्व में जमीन कब्जा मुक्त कराए जाने की रंजिश के चलते यह शिकायत की जा रही है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
