
बदलते मौसम मे बीमारियों का बढ़ा प्रकोप, अस्पतालों में उमड़ी भीड़
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।नगर में बदलते मौसम के चलते बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जिससे स्थानीय अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं, जिसके चलते अस्पतालों में लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
मोहल्ला खेल निवासी पुष्पा और एलम निवासी जगदीश को सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं श्यामगढ़ी निवासी इस्मा को पिछले तीन दिनों से बुखार होने के कारण हालत बिगड़ने पर अस्पताल में दाखिल करना पड़ा।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण नजला, खांसी, जुकाम, बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की जांच कर रही है और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। सभी मरीजों का नियमित उपचार जारी है।