राकेश टिकैत की गिरफ्तारी पर भड़के किसान, थाने पर प्रदर्शन कर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला।किसान नेता राकेश टिकैत को उड़ीसा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्र के किसान संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज किसानों और किसान नेताओं ने थाने पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उनकी जल्द रिहाई की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की गिरफ्तारी की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची, किसानों में रोष व्याप्त हो गया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और आंदोलन को उग्र रूप देने की चेतावनी दी।

महिला विंग की जिलाध्यक्ष कविता चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों किसान थाने पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार किसान नेताओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तहसील अध्यक्ष गौतम पवार ने कहा कि राकेश टिकैत किसानों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाने के लिए उड़ीसा गए थे, लेकिन वहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने इसे किसानों की आवाज दबाने की साजिश बताया।

किसान नेताओं ने साफ चेतावनी दी कि जब तक राकेश टिकैत को रिहा नहीं किया जाता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो यह आंदोलन आगे चलकर बड़ा रूप ले सकता है।

इस दौरान विकास चौहान, रहीस पठान, पुष्पेंद्र, पप्पू, धीरज, रणवीर, बृजपाल सहित बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!