
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, एक की हालत गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।थाना क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव जसाला बस स्टैंड के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी रहीस, जो शादी व पार्टियों में खाना बनाने का कार्य करता है, सोमवार को अपने पुत्र आमिर और भाई सलीम के साथ शामली में एक शादी समारोह में गया हुआ था। कार्य समाप्त कर तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे दिल्ली रोड स्थित गांव जसाला के समीप पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सलीम की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि रहीस और आमिर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
खबर लिखे जाने तक इस संबंध में थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई थी।