
खाद से लदी ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटी, चालक गंभीर रूप से घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के एल्म कस्बे में मंगलवार को खाद से लदी एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ई-रिक्शा चालक पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शामली जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, एल्म निवासी पुष्पेंद्र सोसायटी से ई-रिक्शा में खाद के कट्टे भरकर अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में अचानक वाहन असंतुलित हो गया और सड़क पर पलट गया। पलटने से चालक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल पुष्पेंद्र को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।