
52 बीघा तालाब की पैमाइश शुरू कब्जाधारियों की नींद उड़ी, गांव में राहत की सांस”
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसोली में स्थित 52 बीघा के विशाल तालाब पर वर्षों से चला आ रहा अवैध कब्जे का मामला आखिरकार प्रशासन की सख़्ती से खुलकर सामने आ गया है। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों और विरोध के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तालाब की पैमाइश शुरू कर दी।इस कार्रवाई से कब्जाधारियों में भारी अफरातफरी का माहौल बन गया।ग्रामीणों का कहना है कि इस तालाब पर कुछ लोगों ने लंबे समय से अवैध निर्माण और खेतबाड़ी कर रखी थी, जिससे तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया था। शिकायतों के बाद एसडीएम ने तुरंत निर्देश जारी किए, जिसके तहत मंगलवार को राजस्व टीम और पुलिस बल ने तालाब की सीमाओं को मापना शुरू किया।मौके पर तहसीलदार अर्जुन सिंह, लेखपाल आदित्य और जेई भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे। टीम ने पैमाइश कर तालाब की असली हदें चिन्हित कीं। तहसीलदार अर्जुन सिंह ने बताया कि“तालाब सरकारी संपत्ति है, इसे किसी कीमत पर कब्जे में नहीं रहने दिया जाएगा। पैमाइश के बाद कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया जाएगा और जल्द ही कब्जा मुक्त कराने का अभियान चलाया जाएगा।”इस दौरान प्रशासन ने साफ किया कि कार्रवाई कानूनी और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कोई विवाद न हो सके।ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अब उम्मीद है कि उनका पुराना तालाब फिर से जिंदा होगा, जिससे गांव के पशुओं और खेतों को दोबारा पानी मिल सकेगा।