युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर खेड़ी में मंगलवार को एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में कल्लू गिरी पुत्र सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गया आनन-फानन में उसे कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले कल्लू गिरी के भाई सोनू गिरी की गांव के ही एक युवक से कहासुनी हो गई थी। उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन कल्लू गिरी का आरोप है कि तब से उक्त युवक लगातार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था।
मंगलवार को आरोपी ने मौका पाकर धारदार पलकटी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे कल्लू गिरी लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सरकारी डॉक्टर रवि ने बताया कि घायल के सिर पर गहरा घाव था, जिस पर कई टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घायल की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ नियम अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। वहीं, ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर दहशत का माहौल है।
घायल युवक के परिजन ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है ताकि गांव में दोबारा ऐसी घटना न हो।