
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल युवक रेफर, युवती को मिला प्राथमिक उपचार!
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव एल्म में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा घटित हुआ, जब अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल कांधला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी अली पुत्र नसीम अपनी चचेरी बहन नगमा के साथ किसी कार्य से कांधला गया हुआ था। काम समाप्त करने के बाद जब दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी कस्बा स्थित बाईपास के समीप अचानक एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई-बहन सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एम्बुलेंस की सहायता से कांधला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अली की हालत को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं नगमा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
हादसे की खबर सुनकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि जिस वाहन से हादसा हुआ, वह मौके से फरार हो गया।समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।