
बिजली के खंभे पर चढ़े लाइनमैन को दी गालियां और जान से मारने की धमकी,
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। क्षेत्र के गांव डुंडूखेड़ा स्थित बिजलीघर पर उस वक्त हंगामा मच गया जब एक संविदा लाइनमैन को काम के दौरान गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी गई। बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, लाइनमैन निजाम गांव में एक उपभोक्ता की शिकायत पर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ा हुआ था।
इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति वहां पहुंचा और लाइनमैन को देखकर आग बबूला हो गया। उसने लाइनमैन के साथ गाली-गलौच करते हुए उसे जबरन पोल से नीचे उतरने को कहा। जब लाइनमैन ने इंकार किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। हंगामा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने लाइनमैन को आरोपी के चंगुल से बचाया।
घटना की सूचना मिलते ही जेई सत्य प्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तहरीर दी।
इस घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। कर्मचारियों ने कहा कि फील्ड में कार्य करते समय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीयों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब बिजली कर्मियों के साथ अभद्रता हुई हो। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई सरकारी कर्मचारी अपनी ड्यूटी करते समय असुरक्षित महसूस न करे।