
ग्राम आल्दी में सीडीओ की चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान पानी की किल्लत बनी मुख्य चर्चा सीडीओ ने दिए तत्काल निस्तारण के आदेश
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। शुक्रवार को खंड विकास क्षेत्र के ग्राम आल्दी में आयोजित ग्राम चौपाल ने प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सेतु मजबूत किया। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
चौपाल में सबसे प्रमुख मुद्दा पानी की कमी का रहा, जिस पर सीडीओ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल संकट का स्थायी समाधान निकाला जाए। वहीं रुपचंद के खेत में जलभराव की शिकायत पर तत्काल कार्यवाही शुरू करने का आदेश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “गांव की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा।”
सीडीओ ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, फैमिली आईडी, और फार्मर रजिस्ट्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा जब लोग जागरूक होकर भागीदारी करेंगे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय संख्या 2, पंचायत भवन, और सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए तथा लापरवाही पर कड़ी चेतावनी दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से कहा “आपकी भागीदारी से ही विकास योजनाएं सफल होंगी। सरकारी योजनाएं आपके द्वार तक पहुंचाने का हमारा संकल्प है।”
चौपाल के अंत में ग्रामीणों ने सीडीओ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद किसी अधिकारी ने गांव की समस्याओं को मौके पर आकर गंभीरता से सुना।
इस अवसर पर कृषि अधिकारी जयदेव कुमार, एडीओ ग्राम विकास गोविंद शरण वर्मा, एडीओ पंचायत प्रभारी वसीम, आपूर्ति निरीक्षक शौदान सिंह, ग्राम विकास अधिकारी हार्दिक चौधरी, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।