डीएम का कांधला नगर पालिका पर औचक निरक्षण खामियों पर फटकार,

निरीक्षण के दौरान कई कमियां आईं सामने, संबंधित अधिकारियों को मिली चेतावनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व गुणवत्ता के निर्देश

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला (शामली)। मंगलवार को जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने कांधला नगर पालिका परिषद में अचानक पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के आगमन की सूचना मिलते ही नगर पालिका में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी अपनी कुर्सियों से उठकर फाइलें समेटने और रजिस्टर व्यवस्थित करने में लग गए, तो वहीं सफाईकर्मी तुरंत झाड़ू-पोंछा लेकर सक्रिय हो गए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर सबसे पहले साफ-सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की हाजिरी, और कार्यालय रिकॉर्ड्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की गहन जांच की, जहां कई खामियां और लापरवाहियां सामने आईं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि शासन की योजनाओं में ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है “जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।”उन्होंने विशेष रूप से सफाई व्यवस्था, जल निकासी, और अभिलेख रखरखाव पर सुधार लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक शाखा का बारीकी से जायजा लिया और वहां मौजूद कर्मचारियों से कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए टीम भावना से कार्य करना आवश्यक है।जिलाधिकारी के जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली, मगर उनके सख्त रुख ने सभी को भविष्य में सतर्क रहने का संकेत दे दिया।इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम, अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा, सभासद कयूम, शहजादा इकबाल, अनिल, समाजसेवी बाबू शेख सहित बड़ी संख्या में नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!