कृष्णा नदी में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में सनसनी पुलिस जांच में जुटी

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला क्षेत्र के ग्राम भनेड़ा में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने कृष्णा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या हिंसा के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रारंभिक रूप से ऐसा प्रतीत होता है कि मौत डूबने से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान के उद्देश्य से उसकी तस्वीरें जनपद के सभी थानों में भेज दी गई हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएँ बनी हुई हैं। वहीं, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या कुछ और।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!