
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रेंजर प्रशिक्षण शिविर का तीसरा दिन उत्साहपूर्ण रहा
सादिक सिद्दीक़ी.
कांधला। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित पाँच दिवसीय रेंजर प्रशिक्षण शिविर का तीसरा दिन शैक्षणिक व व्यावहारिक गतिविधियों से भरपूर रहा। दिनभर छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के तीसरे दिन का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. ब्रजभूषण द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात प्रार्थना व झंडा गीत प्रस्तुत किया गया। रेंजर छात्राओं ने बीपी सिक्स व्यायाम और योगाभ्यास भी किया।
प्रथम सत्र में छात्राओं के लिए एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, देशभक्ति तथा समाज में महिलाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में मुस्कान सैनी ने प्रथम, अनु ने द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय सत्र में सहभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन किया। इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. ब्रजभूषण ने सहभोज कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे आपसी सहयोग और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।