रोडवेज व प्राइवेट बस चालकों में भिड़ंत से मचा बवाल, सड़क पर लगा लंबा जाम यात्रियों को हुई भारी परेशानी

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे के बुढ़ाना मार्ग पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब सवारी बैठाने को लेकर रोडवेज बस चालक और एक प्राइवेट बस चालक के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि दोनों में हाथापाई और गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे दर्जनों वाहन फंस गए और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी प्राइवेट बस चालक नौशाद अपनी बस में सवारी बैठा रहा था, तभी रोडवेज बस चालक ने हॉर्न बजाया। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। नौशाद ने आरोप लगाया कि रोडवेज चालक ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकियां दीं।

विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों चालकों को शांत कराया। इसके बाद सड़क से जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ। इस दौरान किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि दोनों बस चालकों के बीच हुए विवाद की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं वायरल वीडियो की पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में रोडवेज और प्राइवेट बस चालकों के बीच तनातनी चर्चा का विषय बनी हुई है। यात्रियों का कहना है कि दोनों पक्षों की लापरवाही से सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को घंटों तक धूप में फंसे रहना पड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!