
13 खंभों से बिजली के तार चोरी विद्युत आपूर्ति बाधित, ग्रामीणों में रोष
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के भभीसां कनियान मार्ग पर अज्ञात चोरों द्वारा 13 बिजली खंभों से तार चोरी किए जाने की बड़ी घटना सामने आई है। चोरी के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी आशीष श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए कांधला थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग चोरी हुए तारों की कीमत का आकलन कर रहा है, जिससे विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।