
बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर, महिला शिक्षिका समेत दो गंभीर घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के खंदावली गांव के निकट मंगलवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला शिक्षिका समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान स्कूटी सवार संजो पुत्री रामचंद्र निवासी रसूलपुर गुजरान और बाइक सवार बादल पुत्र अरविंद निवासी लीलोन (जनपद शामली) के रूप में हुई है। बताया गया कि संजो अलीपुर गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं और छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।