
गोवर्धन पूजन पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, अन्नकूट भंडारे में हजारों ने लिया प्रसाद
कांधला,।नगर में गोवर्धन पूजन का पर्व इस वर्ष भी पारंपरिक हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही कांधला के प्रमुख मंदिरों — शिव तालाब मंदिर, माता शीतला मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर और राधा कृष्ण मंदिर सहित दर्जनों मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भक्तों ने प्राकृतिक सामग्री से गोवर्धन भगवान की प्रतिमा बनाकर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के पश्चात दोपहर में भव्य अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में नगर के सभी वर्गों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भंडारे में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। मंदिरों को फूलों और झालरों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। पूरे दिन भक्ति गीतों और कीर्तन की गूंज से नगर का वातावरण धार्मिक उत्साह से सराबोर रहा।
गोवर्धन पूजन और अन्नकूट भंडारे के इस आयोजन ने नगर में सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।