
दो सड़क हादसे बस की चपेट में आया युवक, हाईवे के गड्ढे ने छीनी दूसरे की मुस्कान दोनों की हालत गंभीर,
कांधला। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में शुक्रवार का दिन दो अलग-अलग सड़क हादसों का गवाह बना। दोनों ही हादसों में युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल होते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने इन घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से कार्रवाई और सड़क मरम्मत की मांग की है।पहला हादसा एलम बस स्टैंड के पास हुआ, जहां राजू निवासी एलम किसी निजी कार्य से आया था। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि राजू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पने लगा। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एलम में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।वहीं दूसरा हादसा एलम बाईपास हाईवे पर हुआ। जानकारी के अनुसार मुन्ना पुत्र मोहर सिंह निवासी टटीरी, जनपद बागपत अपनी बाइक पर ऊन लेकर जा रहा था। रास्ते में हाईवे पर बने गहरे गड्ढे में बाइक फिसलकर गिर गई, जिससे मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।इन दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। लोगों का कहना है कि एलम बाईपास से लेकर कांधला तक हाईवे पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनकी वजह से हर दूसरे दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय निवासी रमेश, सुनील और शौकत अली ने बताया कि कई बार विभाग को शिकायत दी गई, मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द मरम्मत नहीं की गई तो लोग सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से अपील की है कि एलम क्षेत्र में सड़क मरम्मत अभियान तत्काल शुरू किया जाए, ताकि सड़क हादसों पर रोक लग सके और भविष्य में किसी की जान इन गड्ढों की भेंट न चढ़े।