Oplus_131072

 

देवबंद । गुलवेज़ आलम। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से आए जिला पंचायत चुनाव परिणामों ने कांग्रेस खेमे में उत्साह भर दिया है। कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष एवं जानी-मानी समाजसेविका डॉ. शाज़िया नाज़ ने देहरादून में कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर कौर को जिला पंचायत अध्यक्ष और अभिषेक सिंह को उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत हासिल करने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

डॉ. शाज़िया नाज़ ने कहा कि राजधानी देहरादून का यह चुनाव सिर्फ एक जिला पंचायत का चुनाव नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के राजनीतिक भविष्य की तस्वीर है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम साफ संकेत देता है कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की नीतियों और शासन से पूरी तरह ऊब चुकी है और कांग्रेस के पक्ष में खुलकर सामने आ रही है।

कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को बढ़ावा देकर आम आदमी को त्रस्त कर दिया है। गैस सिलेंडर से लेकर रोजमर्रा की चीजों तक की कीमतें आसमान छू रही हैं। किसानों, मजदूरों और युवाओं को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। जनता अब इस सबका जवाब अपने मताधिकार से दे रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत इसी नाराज़गी और बदलाव की लहर का नतीजा है।

डॉ. शाज़िया नाज़ ने जोर देकर कहा कि अब यह साफ हो गया है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा— “भाजपा का सफाया होना अब केवल समय की बात है। जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस उस बदलाव का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है।”

उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर के कस्बा देवबंद में जीत की इस खुशी को लेकर डॉ. शाज़िया नाज़ ने कार्यकर्ताओं के साथ मिठाई वितरित की और कांग्रेस की विजय पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत केवल देहरादून तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश और देशभर में कांग्रेस के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इस जीत से ऊर्जा लेनी चाहिए और आने वाले चुनावों के लिए जनता के बीच और मजबूती से उतरना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास गवाह है कि पार्टी ने हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। यही वजह है कि जनता अब फिर कांग्रेस पर भरोसा जता रही है। डॉ. शाज़िया नाज़ ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां पूरी तरह जनहितकारी हैं और जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। देवबंद क्षेत्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया।

डॉ. शाज़िया नाज़ ने कहा कि यह जीत केवल कांग्रेस प्रत्याशियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह आम जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह राजधानी देहरादून में कांग्रेस को जनसमर्थन मिला है, उसी तरह अब पूरे उत्तराखंड में कांग्रेस का परचम लहराना तय है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!