दर्दनाक सड़क हादसा : आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, चार युवक गंभीर घायल

रिपोर्ट सादिक सिद्दीक़ी.

कांधला, थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैराना मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कैराना के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी नोबाहर, मुनव्वर और अनस एक बाइक पर सवार होकर असदपुर जिडाना के भट्टे से काम करके अपने घर लौट रहे थे। वहीं, दूसरी ओर करनावल थाना सरूरपुर, जनपद मेरठ निवासी निमेंश पुत्र भीरमपाल दूसरी बाइक से कैराना की ओर आ रहा था। इसी दौरान कैराना मार्ग पर अचानक दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक दूर जाकर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाना हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!