
सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के तीन और आरोपी सलाखों के पीछे.
रिपोर्ट: सादिक सिद्दीकी,
कांधला थाना कांधला क्षेत्र के गांव गंगेरू में तीन दिन पूर्व हुए बाइक सवार युवकों पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव गढ़ीश्याम निवासी सुनील चौहान व उसके भाई राहुल पर गांव गंगेरू में आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया था और जमकर पथराव भी किया गया था। यह पूरी घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कांधला पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीन आरोपी फरार चल रहे थे।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अदनान पुत्र जरीफ, महताब पुत्र गुलजार, और आफरीदी पुत्र नफीस निवासी ग्राम गंगेरू के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कांधला थाना पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं ग्रामीणों में भी पुलिस की तत्परता को लेकर सराहना की जा रही है।