IMG-20250304-WA0049

शामली जनपद के ग्राम मुकन्दपुर में भैंसों को लेकर विवाद, परिवार पर जानलेवा हमला; दो गंभीर घायल

कैराना, शामली। 04 मार्च। ग्राम मुकन्दपुर, थाना कैराना में भैंसों को सार्वजनिक सड़क पर बांधने को लेकर हुए विवाद ने ख़तरनाक मोड़ ले लिया। एक परिवार पर समूह ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जाँच शुरू की है।

 

भैंसों को लेकर पहले भी हो चुका था विवाद

शिकायतकर्ता के अनुसार, विपक्षी पक्ष इरफान, अफसर, नवाब, इमरान (जमालू के पुत्र) और शकीला (जमालू की पत्नी) पिछले कुछ समय से उनके घर के सामने सार्वजनिक सड़क पर भैंसें बांधते थे, जिससे गोबर और गंदगी फैलती थी। 03 मार्च 2025 को इस मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। उस वक्त विपक्षी पक्ष ने भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन दिया था।

लेकिन अगले दिन 04 मार्च 2025 को दोपहर करीब 2 बजे विवाद फिर भड़क गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इरफान, अफसर, नवाब, इमरान, सुहाना पुत्री नवाब व शकीला समेत 6-7 लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए शिकायतकर्ता के भाई फुरकान और भाभी जुलेखा को घेर लिया और लाठी, गंडासी व पलकटी से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावर चिल्लाते रहे कि सालो, आज तुम्हें मौत के घाट उतारकर ही चैन से बैठेंगे!

ग्रामीणों ने बचाई जान, पुलिस ने की कार्रवाई

फुरकान और जुलेखा की चीख सुनकर गाँव के जाहिद (बदलू के पुत्र), नूरुद्दीन पुत्र दिलशाद और महताब पुत्र फाजिल समेत कई ग्रामीण व महिलाएँ मौके पर पहुँचे। उन्होंने हमलावरों को रोककर परिवार की जान बचाई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने फिर डायल 112 से पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कैराना सरकारी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

समाचार लिखे जाने तक गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं है।

 

error: Content is protected !!