Accedent

एक्सीडेंट में घायल एमए छात्र की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत

 

कैराना। पांच दिन पूर्व गांव तीतरवाड़ा में पिअकप की टक्कर लगने से गम्भीर रूप से घायल हुए एमए कक्षा के छात्र की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

विगत 19 फरवरी को क्षेत्र के तीतरवाड़ा निवासी ओमपाल कश्यप का 24 वर्षीय पुत्र पारिक गांव के कैराना रोड पर स्थित मदरसे के सामने विपरीत दिशा से आ रही पिकअप गाड़ी की टक्कर लगने से गम्भीर रूप से घायल हो गया था, जिसे चिकित्सकों ने नाजुक हालत में हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। परिजनों ने घायल छात्र को उपचार के लिए पहले मेरठ तथा बाद में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर छात्र जिंदगी व मौत के बीच जूझ रहा था। सोमवार को गम्भीर रूप से घायल छात्र की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। मृतक छात्र अविवाहित था। वह पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था। इकलौती बहन की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। छात्र का बड़ा भाई फ्रैंकी भारतीय सेना में तैनात है। विदित रहे कि मृतक पारिक एमए भूगोल का छात्र था। घटना के दिन वह वीवी डिग्री कॉलेज शामली में प्रैक्टिकल देने के लिए घर से निकला था। उसने सहारनपुर क्षेत्र में शादी समारोह में जा रहे गांव के ही राजबीर की बाइक पर अपने घर के सामने से लिप्ट ली थी। गांव से बाहर निकलते ही उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें बाइक चला रहे राजबीर(50) की मौके पर ही मौत हो गई थी।

error: Content is protected !!