
श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब, चाकचौबंद व्यवस्थाओ के बीच किया गया स्नान
कैराना। माघ पूर्णिमा के अवसर पर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर श्रद्धालुओं का सैलब उमड़ गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर स्नान किया और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत गोताखोर व पुलिस बल तैनात रहा।
बुधवार को माघ पूर्णिमा का पर्व श्रद्धापूर्वक मनया गया। इस अवसर पर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर दोनों प्रदेशों से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु यमुना नदी पर पहुंचने शुरू हो गए थे। जहां श्रद्धालुओं ने यमुना किनारे पर विशेष पूजा-अर्चना की तथा यमुना नदी में स्नान करते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। वहीं, ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा दिया गया। इसके अलावा यमुना किनारे पर लगे मेले में भी श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। सबसे ज्यादा उत्साह महिलाओं व बच्चों में देखने को मिला। सुरक्षा के दृष्टिगत गोताखोर व पुलिस बल तैनात रहा।