
कार-बाइक की टक्कर के बाद विवाद, बाइक सवार से मारपीट
कार सवार दो युवकों पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया; कार भी कब्जे में
कांधला। शामली के कांधला कस्बे के दिल्ली बस अड्डे पर रविवार शाम कार और बाइक की टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि कार में सवार दो युवकों ने बाइक सवार युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान बाइक पर युवक के साथ एक महिला और मासूम बच्चा भी मौजूद था। विवाद के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम दिल्ली बस अड्डे के पास कार और बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। बाइक सवार नफेदीन ने आरोप लगाया कि कार में सवार दो युवकों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के समय बाइक पर उसके साथ एक महिला और मासूम बच्चा भी मौजूद था।
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। पुलिस ने कार चालक समेत दोनों आरोपित युवकों को हिरासत में ले लिया। टक्कर में शामिल कार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पीड़ित नफेदीन ने थाने पहुंचकर घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित ने आरोपित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।