
सलमान त्यागी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, सपा लोहियावाहिनी की जनपद में गूंजी आवाज
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के सम्मान समारोह में हाईकमान का जताया आभार, पार्टी को मजबूत करने का लिया संकल्प
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी लोहियावाहिनी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सलमान त्यागी के स्वागत एवं सम्मान में रविवार को महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर धन्यवाद सभा का आयोजन किया गया। समारोह में सपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जनपद के विभिन्न गांवों से पहुंचे त्यागी समाज के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान सलमान त्यागी का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
सलमान त्यागी का सम्मान समारोह जनपद की सियासी गतिविधियों में चर्चा का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सलमान त्यागी ने सपा हाईकमान, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वह संगठन की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए पूरी मेहनत के साथ कार्य किया जाएगा।
सभा की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने की, जबकि संचालन मास्टर अल्ताफ ने किया। जिया चौधरी ने सलमान त्यागी की कार्यशैली और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से जनपद में समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सलमान त्यागी युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पूर्व सांसद कादिर राणा ने सलमान त्यागी को मेहनती, ईमानदार और पार्टी के पुराने वफादार युवा नेता बताते हुए कहा कि वह लंबे समय से निःस्वार्थ भाव से पार्टी हित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सलमान त्यागी संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर राकेश शर्मा, प्रमोद त्यागी और ईलम सिंह गुर्जर सहित अनेक नेताओं ने सलमान त्यागी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सपा नेता गौरव जैन, साजिद हसन, शमशेर मलिक, राशिद मलिक, विकिल गोल्डी, डॉ. इसरार, नूर हसन सलमानी और मौलाना नजर आदि ने भी सलमान त्यागी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में त्यागी समाज के जिम्मेदार लोगों उस्मान त्यागी, मरगूब त्यागी, साजिद त्यागी प्रधान, फरमान त्यागी, शहजाद त्यागी, आसिफ त्यागी, अनस त्यागी, अमान त्यागी, मुनीर त्यागी, रिहान, उजेफा जाट, हाजी कासिम, हाजी इमरान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।