टूटी टोंटी बनी पानी की बर्बादी का सबब, नगर पंचायत बेखबर

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बा एलम में स्वच्छ पेयजल की बर्बादी का मामला सामने आया है। रेलवे अंडरपास के निकट नगर पंचायत की ओर से लगाई गई पेयजल टंकी की टोंटी टूटने के कारण पिछले तीन दिनों से पानी लगातार व्यर्थ बह रहा है। पानी की सप्लाई शुरू होते ही टंकी से निकलने वाला स्वच्छ पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है।

 

रेलवे अंडरपास के समीप नगर पंचायत द्वारा आमजन की सुविधा के लिए पेयजल टंकी स्थापित की गई है, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को गर्मी के मौसम में पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके। लेकिन टोंटी टूट जाने से अब यही टंकी पानी की बर्बादी का कारण बन गई है।

 

कस्बा निवासी आशीष, अंकित और यशवीर ने बताया कि करीब तीन दिन से टंकी की टोंटी टूटी पड़ी है। पानी की सप्लाई शुरू होते ही टोंटी से पानी तेज गति से निकलने लगता है और काफी मात्रा में स्वच्छ पेयजल सड़क पर बह जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले की जानकारी नगर पंचायत के जिम्मेदारों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद टोंटी को ठीक नहीं कराया गया।

 

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से जल्द से जल्द टूटी टोंटी को बदलवाने की मांग की है, जिससे स्वच्छ पेयजल की हो रही बर्बादी को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि एक ओर पानी बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक पेयजल टंकी से ही पानी लगातार बर्बाद हो रहा है।

error: Content is protected !!