
घर में चाय को लेकर बवाल, सिर पर वार कर युवक को किया लहूलुहान
* सगे भाई, चचेरे भाई और उसकी पत्नी पर मारपीट का आरोप; सिर में गंभीर चोट लगने पर जिला अस्पताल रेफर
सादिक सिद्दीकी
कांधला। कस्बे के मोहल्ला रायजादगान में शनिवार सुबह करीब 10 बजे चाय मांगने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक को उसके सगे भाई, चचेरे भाई और उसकी पत्नी ने लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि चचेरे भाई ने लोहे की फुकनी से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घायल सोमपाल के अनुसार, शनिवार सुबह उसने घर में चाय मांगी थी। इसी बात को लेकर उसका अपने सगे भाई और चचेरे भाई से विवाद हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उसे जमीन पर पटककर बुरी तरह पीटा गया।
सोमपाल ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके चचेरे भाई ने लोहे की फुकनी उठाकर उसके सिर पर कई बार वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।
घटना की सूचना पर पुलिस घायल सोमपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला लेकर पहुंची। वहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।