मोनू हत्याकांड में छठे आरोपी ने खोला राज, ट्यूबवेल के नीचे से निकला तमंचा-कारतूस

 

 

* कबड्डी खिलाड़ी मोनू हत्याकांड: आठ घंटे की रिमांड में खुला राज, ट्यूबवेल के नीचे दबा मिला तमंचा और दो कारतूस

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला के निकट हुए कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ गोलू हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी से पूछताछ की। न्यायालय से आठ घंटे की रिमांड मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर नाला के समीप एक ट्यूबवेल के नीचे दबाकर रखा गया तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

बागपत जनपद के गांव ककड़ीपुर निवासी कबड्डी खिलाड़ी मोनू उर्फ गोलू की गत एक अगस्त की सुबह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उसका शव कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला के समीप ईंख के खेत में पड़ा मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया था। मृतक के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

 

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान हत्याकांड का खुलासा करते हुए वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला बताया था। जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं हत्याकांड में शामिल छठे आरोपी विशाल निवासी गांव सिसौली, जनपद मुजफ्फरनगर ने पुलिस का शिकंजा कसता देख न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।

 

गुरुवार को पुलिस ने न्यायालय से आरोपी विशाल की आठ घंटे की रिमांड हासिल की। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से घटना और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी को लेकर गांव नाला के समीप पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर ट्यूबवेल के नीचे जमीन में दबाकर रखा गया तमंचा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो कारतूस भी बरामद किए।

 

हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और आरोपी को पुन: न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को वापस जेल भेज दिया गया। मोनू हत्याकांड में हथियार बरामद होने के बाद पुलिस की जांच को अहम सफलता मिली है। पुलिस अब बरामद तमंचे और कारतूस को मुकदमे की विवेचना में शामिल कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

हत्याकांड के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों और वारदात से जुड़े साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी थी। एक के बाद एक आरोपियों की गिरफ्तारी और अब आत्मसमर्पण करने वाले आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद होने से मामले की जांच को और मजबूती मिली है।

error: Content is protected !!