
बाजार लगा, भीड़ जुटी और उठे सवाल! अब प्रशासन करेगा जांच
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे में साप्ताहिक बाजार लगाने को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। कैराना मार्ग पर प्रशासन की अनुमति के बिना साप्ताहिक बाजार लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। बाजार में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष खरीदारी के लिए पहुंचे, जिसके चलते मार्ग पर काफी भीड़ दिखाई दी। वहीं बारिश के मौसम में बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा और बारिश से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए।
स्थानीय दुकानदार फिरोज ने बताया कि इससे पहले कस्बे के अंदर साप्ताहिक बाजार लगाया जाता था। बाजार को लेकर व्यापार मंडल की ओर से विरोध भी किया गया था। इसके बावजूद अब साप्ताहिक बाजार को कथित तौर पर हर सप्ताह अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाने की बात सामने आ रही है। इस बार कैराना मार्ग पर बाजार लगाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
व्यापारियों का कहना है कि पहले से ही कस्बे के बाजार में दुकानदारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यदि बिना अनुमति बाहरी बाजार लगाए जाते हैं तो इसका सीधा असर स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर पड़ सकता है। साथ ही मुख्य मार्ग पर भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने स्पष्ट किया कि उनके कार्यालय की ओर से साप्ताहिक बाजार लगाने की कोई अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। जांच में यदि बाजार बिना अनुमति संचालित होता पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस बयान के बाद बिना अनुमति लगने वाले साप्ताहिक बाजार के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना यह है कि जांच टीम मौके पर पहुंचकर क्या रिपोर्ट तैयार करती है और प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
फिलहाल कैराना मार्ग पर लगे साप्ताहिक बाजार को लेकर व्यापारियों, स्थानीय लोगों और बाजार संचालकों की निगाहें प्रशासन की जांच पर टिकी हुई हैं। यदि बाजार वास्तव में बिना अनुमति संचालित होना पाया जाता है तो आने वाले दिनों में इस मामले में कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।