आरोपों की राजनीति से नहीं रुकेगा विकास, प्रेस वार्ता में अश्वनी पंवार का पलटवार

 

* पूर्व चेयरमैन व सपा नेताओं पर साधा निशाना, बोले– झूठ और साजिश से जनता का भरोसा नहीं डिगेगा

*

सादिक सिद्दीकी |

कांधला/एलम। नगर पंचायत की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। चेयरमैन रीना पंवार के पति एवं भाजपा नेता अश्वनी पंवार ने प्रेस वार्ता कर पूर्व चेयरमैन दीपा पंवार और समाजवादी पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से घबराए विपक्षी नेता सुनियोजित तरीके से उनके परिवार की छवि खराब करने में जुटे हैं, लेकिन झूठे आरोपों से विकास की रफ्तार रुकने वाली नहीं है।

प्रेस वार्ता में अश्वनी पंवार ने कहा कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार, भूमि कब्जे और विकास कार्यों में अनियमितता के लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उनका दावा है कि फर्जी दस्तावेजों और अफवाहों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जबकि नगर पंचायत में सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार कराए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक रंजिश के चलते लगातार उन्हें बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि उनकी हत्या की साजिश तक रची जा रही है, जिसके चलते शासन स्तर से उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।

भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को एलम की जनता तक पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। नगर पंचायत भाजपा के विकास मॉडल पर आगे बढ़ रही है और विपक्ष इसी से परेशान होकर अनर्गल बयानबाजी कर रहा है।

सरकारी बोर्ड पर लगी अपनी तस्वीर के मामले में अश्वनी पंवार ने कहा कि यह किसी समर्थक की ओर से किया गया था और इसमें सुधार भी कराया जाएगा। वहीं भूमि कब्जे के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि पर नगर पंचायत द्वारा नियमानुसार चारदीवारी का निर्माण कराया गया है और उनके परिवार का उस पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं है।

प्रेस वार्ता में मौजूद चेयरमैन रीना पंवार ने भी कहा कि नगर पंचायत में विकास कार्य लगातार जारी हैं और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी टीम प्रतिबद्ध है।

अश्वनी पंवार ने आरोप लगाने वाले कुछ लोगों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके खिलाफ विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं और राजनीतिक लाभ के लिए बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और सच के सामने झूठ ज्यादा दिन टिक नहीं सकता।

“विकास की राह पर एलम आगे बढ़ रहा है, विरोधियों की सियासत नहीं बल्कि जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

error: Content is protected !!