
कड़ी सुरक्षा के बिच सकुशल संपन्न हुई ईद उल अजह की नमाज
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। ईद-उल-अजहा का मुबारक पर्व गुरुवार को कांधला कस्बे में पूरे धार्मिक उत्साह, आपसी प्रेम और भाईचारे के माहौल के बीच मनाया गया। सुबह से ही कस्बे की फिजाओं में ईद की खुशियां घुली हुई नजर आईं। ईदगाहों और मस्जिदों की ओर जाते नमाजियों की रौनक ने पूरे माहौल को त्योहारमय बना दिया। हर तरफ लोगों के चेहरों पर खुशी, अपनापन और भाईचारे की चमक साफ दिखाई दे रही थी।सुबह ईदगाह में हजारों मुस्लिमो ने एक साथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। नमाज के दौरान मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की और आपसी सौहार्द के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। और लोगों की मुस्कुराहटों ने माहौल को और भी खास बना दिया। हर तरफ “ईद मुबारक” की आवाजें गूंजती रहीं। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।ईद के अवसर पर बाजारों में भी सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी रही। मिठाई, सेवइयों, कपड़ों और अन्य सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। बच्चों में ईदी को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और त्योहार की खुशियां मनाईं।
वहीं त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। ईदगाह और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पूरे कस्बे में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
पूरे दिन कस्बे मे भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत के रंग में रंगा दिखाई दिया। ईद-उल-अजहा का यह पर्व लोगों के दिलों में आपसी प्रेम और एकता का संदेश छोड़ गया।