ईद-उल-अजहा को लेकर कांधला पूरी तरह तैयार, मस्जिदों और ईदगाहों में तय हुआ नमाज का समय — प्रशासन भी अलर्ट मोड पर”

“सुबह 6 बजे से शुरू होगी ईद की नमाज, ईदगाह में 7 बजे उमड़ेगा हजारों अकीदतमंदों का हुजूम”

पत्रकार सादिक

कांधला। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन पर्व को लेकर कांधला कस्बा पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। नगर की मस्जिदों, मदरसों और ईदगाहों में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। बाजारों में रौनक बढ़ गई है, कपड़ों, सेवइयों, मसालों और जरूरत के सामान की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं दूसरी ओर प्रशासन भी त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दे रहा है।

मुस्लिम समाज के लोगों में ईद-उल-अजहा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। बच्चे नए कपड़ों और खिलौनों की खरीदारी में व्यस्त हैं तो बड़े लोग कुर्बानी और मेहमाननवाजी की तैयारियों में जुटे हुए हैं। नगर के विभिन्न इलाकों में साफ-सफाई अभियान भी तेज कर दिया गया है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

ईदगाह में सुबह 7 बजे अदा होगी ईद की नमाज

कांधला ईदगाह में ईद-उल-अजहा की मुख्य नमाज सुबह ठीक 7 बजे अदा की जाएगी। ईदगाह परिसर में नमाजियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पानी, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। ईदगाह कमेटी ने लोगों से समय से पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

जामा मस्जिद में 7:30 बजे होगी नमाज

नगर की प्रमुख जामा मस्जिद में ईद की नमाज सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर अदा होगी। मस्जिद कमेटी द्वारा नमाजियों से अपील की गई है कि वह समय का विशेष ध्यान रखें और मस्जिद परिसर में शांति एवं अनुशासन बनाए रखें।

पिलखन वाली मस्जिद में 7:15 बजे अदा होगी नमाज

पिलखन वाली मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर अदा की जाएगी। मस्जिद परिसर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया गया है। यहां भी बड़ी संख्या में नमाजियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

होजवाली मस्जिद में भी तय हुआ समय

होजवाली मस्जिद में ईद की नमाज सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर अदा होगी। मस्जिद प्रबंधन ने लोगों से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।

मस्जिदे बिलाल मदरसा कासिमुल उलूम में भी होगी विशेष नमाज

मौलाना जैनुद्दीन साहब वाले मदरसे की मस्जिद, मस्जिदे बिलाल मदरसा कासिमुल उलूम में भी ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर अदा की जाएगी। मदरसे में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और नमाजियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

मौलवी जुनेद वाले मदरसे की मस्जिद में सबसे पहले नमाज

मौलवी जुनेद वाले मदरसे की मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 6 बजे अदा की जाएगी। यहां सुबह तड़के से ही नमाजियों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। मस्जिद प्रबंधन ने लोगों से समय से पहुंचने की अपील की है।

प्रशासन और उलेमाओं की अपील — गाइडलाइन का करें पालन

ईद-उल-अजहा को लेकर प्रशासन और उलेमाओं ने संयुक्त रूप से लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। खास तौर पर कहा गया है कि नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाहों के अंदर ही अदा करें तथा सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और सड़कों पर नमाज न पढ़ें।

इसके अलावा लोगों से सफाई व्यवस्था बनाए रखने और कुर्बानी के अवशेषों को खुले में न फेंकने की भी अपील की गई है। नगर पालिका की टीमें भी साफ-सफाई को लेकर सतर्क रहेंगी।

सोशल मीडिया पर कुर्बानी की फोटो-वीडियो न डालने की अपील

समाज के जिम्मेदार लोगों और उलेमाओं ने लोगों से अपील की है कि कुर्बानी से जुड़ी फोटो और वीडियो सोशल Media पर साझा न करें। उनका कहना है कि ऐसा करने से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं और सौहार्दपूर्ण माहौल प्रभावित हो सकता है।

त्याग, कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम देती है ईद-उल-अजहा

उलेमाओं ने कहा कि ईद-उल-अजहा सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि त्याग, बलिदान, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देने वाला त्योहार है। यह पर्व हमें जरूरतमंदों की मदद करने, आपसी मोहब्बत बढ़ाने और समाज में अमन-चैन कायम रखने की सीख देता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहार को पूरी सादगी, शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं ताकि कांधला की गंगा-जमुनी तहजीब और मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!