ई-रिक्शा कब्जाने का आरोप, वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी

 

* गरीब की रोजी पर डाका!” ई-रिक्शा हड़पने का आरोप, वापस मांगने पर मिल रही मौत की धमकियां

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव डूंढखेड़ा में एक गरीब परिवार की मेहनत और रोजी-रोटी पर कथित कब्जे का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। गांव निवासी सीताराम ने गांव के ही एक व्यक्ति पर उनका ई-रिक्शा हड़पने और वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़ित ने कांधला थाने में तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।

सीताराम ने बताया कि उनका पुत्र दिन-रात मेहनत कर ई-रिक्शा चलाता था और उसी की कमाई से पूरे परिवार का चूल्हा जलता था। लेकिन अब ई-रिक्शा न होने से परिवार के सामने भूख और आर्थिक तंगी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने चालाकी से ई-रिक्शा अपने कब्जे में ले लिया और अब उसे लौटाने से साफ इंकार कर रहा है।

इतना ही नहीं, जब भी परिवार ई-रिक्शा वापस मांगता है तो आरोपी खुलेआम धमकी देकर डराने का प्रयास करता है। लगातार मिल रही धमकियों से परिवार दहशत में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि ई-रिक्शा ही उनकी जिंदगी का सहारा था। उसके बिना बच्चों का पालन-पोषण और घर का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जल्द से जल्द ई-रिक्शा वापस दिलाने की मांग की है।

उधर कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!