गेहूं की खड़ी फसल में आग: किसानों पर टूटा मुसीबत का पहाड़

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। क्षेत्र के इस्सोपुर गांव में बुधवार को गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई। दो अलग-अलग स्थानों पर लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे लगभग 50 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।

ग्रामीणों और किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

इस अग्निकांड में आधा दर्जन से अधिक किसानों की कई बीघा फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि ग्रामीण विभिन्न कारणों की आशंका जता रहे हैं।

घटना में जिन किसानों को भारी नुकसान हुआ है, उनमें राकेश, विकास, केसो राम, राजपाल सिंह, कलावती, रामदास, भूपेंद्र और महेंद्र सहित अन्य किसान शामिल हैं। पीड़ित किसानों का कहना है कि उनकी सालभर की मेहनत कुछ ही पलों में राख में बदल गई, जिससे वे गहरे सदमे और निराशा में हैं।

पीड़ित किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर नुकसान की भरपाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!