
भरासी गेट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर, युवक गंभीर घायल
कांधला कस्बा निवासी बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, मौहल्ला रायजादगान निवासी योगेश कुमार किसी कार्य से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित भरासी गेट की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल को कस्बे के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे शामली के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वर्तमान में युवक का इलाज जारी है।
समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई है।