
कार और बाइक की जोरदार टक्कर 12वीं का छात्र गंभीर रूप से घायल, हालत नाज़ुक
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के कनियान पुलिया के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 12वीं कक्षा का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना बाइक और कार की ज़ोरदार टक्कर के कारण हुई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और छात्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल छात्र की पहचान अभिषेक पुत्र ब्रह्मपाल निवासी बिराल, जनपद मुज़फ्फरनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि अभिषेक अपने गांव बिराल से एलएम स्थित कोचिंग सेंटर जा रहा था। तभी सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल छात्र को संभाला और एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पहुंचाया। डॉक्टरों ने अभिषेक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि अभिषेक को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सूचना मिलते ही परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन अस्पताल पहुंचे और बेटे की सलामती के लिए दुआएं करने लगे। परिजन सुमित कुमार ने बताया कि अभिषेक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और रोज़ाना कोचिंग सेंटर जाता था।थाना कांधला प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल घायल की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है; तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतज़ाम किए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।