
होटल संचालक पर जानलेवा हमला और लूट मुठभेड़ में एक बदमाश घायल होकर गिरफ्तार, दूसरा फरार!की तलाश तेज
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर तीन दिन पहले हुई लूट और हमले की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। सैनी शुद्ध भोजनालय के संचालक अनिल कुमार सैनी पर दो बदमाशों ने अचानक हमला कर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और उनसे 6 हजार रुपये नकद एवं मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल होटल संचालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने इस वारदात को चुनौती के रूप में लेते हुए बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की। लगातार की जा रही कार्रवाई के बीच पुलिस को शनिवार देर रात बड़ी सफलता मिली। ताजपुर सिंभालका निवासी अक्षित नामक बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के पास से लूट की रकम का कुछ हिस्सा और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। फरार साथी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही पूरे गैंग का खुलासा किया जाएगा।
पीड़ित होटल संचालक अनिल सैनी का उपचार जारी है। उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। इस घटना से कस्बे के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना भी हो रही है।