उधारी के रुपए ना देने और मारपीट करने का आरोप
शामली। कांधला कस्बे के मौहल्ला शेखजादगान निवासी कपड़ा व्यापारी ने अपने पड़ोसियों पर लाखों रुपयों का कपड़ा उधार खरीदकर रुपए ना देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मौहल्ला शेखजादगान निवासी ताकि ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसने सर्दियों में गर्म कपड़ों का हॉल सेल का कार्य किया हुआ था। इसी के चलते इसके तीन पड़ोसियों ने पीड़ित व्यापारी से लगभग एक लाख रुपए का कपड़ा यह कहकर उधार खरीदा था कि उक्त तीनों पड़ोसी कपड़ों को बेचकर रुपया चुका देंगे। आरोप है कि उक्त तीनों ने कपड़ा बेच दिया और रुपया नहीं लौटा रहे है और बार बार मांगने पर आजकल कहकर टरका देते है। मंगलवार को पीड़ित ने आरोपियों से अपने रुपयों की मांग की तो आरोप है कि तीनों ने मिलकर गाली गलौज करते हुए पीड़ित के साथ मारपीट की है और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।