उत्तर प्रदेश कैराना

यमुना का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन एवं खादर क्षेत्र के किसानों की फिर से बढ़ने लगी धड़कने

यमुना का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन एवं खादर क्षेत्र के किसानों की फिर से बढ़ने लगी धड़कने

यमुना में फिर छोड़ा 2.51 लाख क्यूसेक पानी, हाईअलर्ट जारी

कैराना क्षेत्र में चेतावनी बिंदु को पार कर जाएगा यमुना का बहाव

12 दिन पूर्व क्षेत्र में तबाही मचा चुकी है यमुना, बाढ़ चौकियों को सतर्क रहने के निर्देश

कैराना। पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में हुई भारी वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में अधिकतम 2.51 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इससे कैराना क्षेत्र में यमुना नदी फिर से उफान पर पहुंच जाएगी। इसे लेकर प्रशासन व खादर क्षेत्र के किसानों की धड़कने भी तेज हो गई है। वहीं, यमुना में पानी छोड़े जाने के चलते हाईअलर्ट जारी किया गया है। ड्रेनेज विभाग ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट करते हुए खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए है। यमुना करीब 12 दिन पूर्व भी क्षेत्र में तबाही मचा चुकी है।

पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में अचानक हुई भारी वर्षा के कारण हथिनीकुंड बैराज पर एक बार फिर से पानी का दबाव बढ़ने लगा है, जिसके चलते यमुना नदी में छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा हजारों क्यूसेक से अचानक लाखों क्यूसेक में पहुंच गई। शुक्रवार शाम चार बजे कैराना में यमुना का जलस्तर 230.50 मीटर था। इसी समय 33,338 क्यूसेक पानी यमुना नदी में प्रवाहित किया गया था। शनिवार को यमुना में छोड़े जाने वाले पानी में एकाएक वृद्धि हुई, जिसके चलते प्रातः छह बजे 54,570 क्यूसेक, आठ बजे 68,357 क्यूसेक, नौ बजे 1,47,857 क्यूसेक, दस बजे 2,09,042 क्यूसेक, 11 बजे 2,23,054 क्यूसेक, 12 बजे 2,40,825 क्यूसेक, दोपहर एक बजे 2,41,518 तथा दोपहर दो बजे सर्वाधिक 2,51,987 क्यूसेक पानी कालिंदी में डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में आंशिक कमी आई और दोपहर बाद तीन बजे 2,42,905 क्यूसेक, शाम चार बजे 2,32,566 क्यूसेक तथा पांच बजे 2,04,436 क्यूसेक पानी यमुना में प्रवाहित किया गया। यमुना में छोड़े गए पानी की सूचना पर खादर क्षेत्र के किसानों की चिंता में वृद्धि हो गई है। बैराज से छोड़ा गया पानी अगले 24 घंटे में कैराना पहुंच जाएगा, जिससे क्षेत्र में यमुना नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि होगी। यमुना के उफान पर आने से खादर क्षेत्र के किसानों की फसलों को नुकसान होने की संभावनाएं जताई जा रही है। यमुना में पानी छोड़े जाने के साथ ही हाईअलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ चौकियों को चौकन्ना रहकर खादर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ड्रेनेज विभाग के सहायक अभियंता राजेन्द्र सिंह ने बताया कि शाम चार बजे कैराना में यमुना का बहाव सूचकांक पर 229.95 मीटर दर्ज किया गया है। यमुना में पानी छोड़े जाने से जलस्तर में वृद्धि होगी। कैराना में यमुना का चेतावनी बिंदु 231.00 मीटर, जबकि खतरे का निशान 231.50 मीटर पर निर्धारित है। क्षेत्र में बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है।

12 दिन पूर्व खादर में तबाही मचा चुकी है यमुना

हथिनीकुंड बैराज से विगत 10 जुलाई को 2.94 लाख क्यूसेक तथा अगले दिन 3.20 लाख क्यूसेक पानी यमुना नदी में डिस्चार्ज किया गया था, जिसके चलते क्षेत्र में यमुना नदी उफान पर आ गई थी। तटवर्ती इलाके के खेत यमुना के पानी से लबालब भर गए थे। यमुना में आये पानी के दबाव से गांव सहपत में तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे निकटवर्ती गांवों की सैंकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो गई थी। खादर क्षेत्र के निचले इलाकों के खेतों में अभी भी यमुना का पानी भरा हुआ है। पिछले कई दिनों से यमुना कैराना क्षेत्र में चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही थी, लेकिन शनिवार को यमुना में छोड़े गए अधिकतम 2.51 लाख क्यूसेक पानी ने खादर के किसानों के जेहन में खौफ पैदा कर दिया है।

अरशद चौधरी
मुख्य सम्पादक - विजिलेंस मीडिया ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *