सलीम, दिनेश को याद कर आंखे हो जाती है नम

 

स्टार  यूनिवर्स  मिडिया  न्यूज  एजेंसी 

विजीलेंस दर्पण समाचारपत्र संवाददाता

कैराना। अब से लगभग 21 साल पहले कैराना कस्बे के दो ऐसे गहरे दोस्त कैराना सहित दुनिया को अलविदा कह गए। जब उनकी दास्तान सुनता हूं तो आंखें छलक उठती है। कैराना कस्बे की धरती अब तक उनकी राह तकती है। बताया जाता है कि अगर सलीम खाना नहीं खाते थे तो दिनेश पानी तक भी नहीं पीते थे। इन दोनों गहरे मित्रों की कहानी एक मिसाल पेश करने वाली कहानी है। यह वह उन दोनों दोस्तों का एक अटूट सफर था जो चंद पल में एक अंधेरा बनकर दिनेश व सलीम के परिवार पर छा गया। उनकी गहरी दोस्ती की दास्तान आज भी वह लोग सुनाते हैं जो उनको करीब से जानते थे, कहा जाता है कि जिस्म दो थे लेकिन शायद ईश्वर ने उन्हे रूहू एक दी थी। अगर सलीम घर से निकलते थे तो दिनेश उनकी आंखें खुलने से पहले उनके मकान के गेट पर खड़े मिलते थे। सलीम अगर खाना अपने घर खाते थे तो पानी दिनेश के यहां पीते थे। बताया जाता है कि सलीम खद्दर का कुर्ता पहनकर और दिनेश सफारी सूट पहनकर हाथों में एक काले रंग का कपड़े का बैग लेकर घर से निकलते थे। दोनों की जोड़ी देख लोग धर्मवीर की जोड़ी कहां करते थे। लेकिन न जाने इस जोड़ी को किसकी नजर लगी, जो पल भर में पानी के बुलबुले की तरह खत्म हो गई। बताया जाता है कि दोनों पेशे से पत्रकार थे। आज भी उनके पत्रकारिता काल को याद कर आज के कलमकार रोते हैं। किसी कार्य से दोनों साथी हरियाणा के एक शहर में जा रहे थे, सुबह के लगभग 4:00 बजे थे 2001 के माह दिसंबर की व मनहूस 24 तारीख वह हरियाणा की खूनी सड़क दोनों को निगल गई। बताया जाता है कि हरियाणा की खूनी सड़क उस समय लाल थी जब कैराना के दो लाल उस सड़क पर एक सड़क दुर्घटना की खबर बना रहे थे, तभी मौत बनकर एक ट्रक दिनेश को खींच ले गया, वहीं सलीम दिनेश को ऐसे तड़पता देख बिलबिला उठा और उस ट्रक का पीछा करने लगे लेकिन ट्रक चालक दरिंदे ने सलीम को भी ट्रक पहिए के नीचे कुचलकर हरियाणा की लाल सड़क पर कैराना के दोनों लाल हमारे बीच से छीन लिए। उनकी मौत की खबर सुनकर कैराना खून के आंसू रोया था, सबकी आंखों में आंसू थे हर कोई उनकी राह तक रहा था। जब भी सलीम व दिनेश की याद आती है तो आंखें छलक जाती है। आज लगभग 21 साल से भी ऊपर हो चुके हैं लेकिन हर कोई उनकी राह तकता है। कैराना के पत्रकारिता जगत में उन दोनों जांबाज लाल को पत्रकारिता परमपिता माना जाता है।