
कांधला में दोनों समुदायों की एकता, ‘सद्भावना भोज’ बना यादगार पल
* सद्भावना भोज’ ने रचा नया इतिहास, हजारों लोगों की मौजूदगी में दिखी भाईचारे की मिसाल
सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे के बुढ़ाना रोड स्थित चेयरमैन नजमुल इस्लाम के निजी फार्म हाउस पर आयोजित ‘सद्भावना भोज’ ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की एक ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों पर है। इस भव्य आयोजन में उमड़े हजारों लोगों के जनसैलाब ने यह साबित कर दिया कि यह घराना आज भी सर्वसमाज को जोड़ने का मजबूत केंद्र बना हुआ है।

इस खास आयोजन में समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, एमएलसी एवं पूर्व मंत्री चौधरी विरेन्द्र सिंह चौहान, सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी और भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत सहित कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की। कैराना सांसद इकरा हसन के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अलावा चौधरी विवेक रमाला, डॉ. साहब सिंह, पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस, विजय कौशिक, वाजिद अली, डॉ. विक्रांत जावला, बिजेन्द्र किवाना, परवेज़ चौधरी, अरविंद पंवार, महेंद्र ठेकेदार और राजन जावला समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जनपद के विभिन्न नगर निकायों के चेयरमैनों और आसपास के गांवों के प्रधानों की भी भारी उपस्थिति रही। शामली, कैराना, ऐलम, झिंझाना, गढ़ीपुख्ता, ऊन और बनत सहित कई स्थानों के चेयरमैन और दर्जनों ग्राम प्रधानों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसकी गरिमा बढ़ाई। कांधला नगर पालिका के सभासदों की मौजूदगी भी उल्लेखनीय रही।
फार्म हाउस का नज़ारा किसी उत्सव से कम नहीं था—हर तरफ लोगों की चहल-पहल, एक साथ बैठकर भोजन करते लोग और आपसी मेलजोल का माहौल इस आयोजन को खास बना रहा था। व्यापार मंडल, प्रेस क्लब, मीडिया क्लब, मीडिया सेंटर स्कूलों, बैंकों और विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मीडिया सेंटर अध्यक्ष विनय बालियान अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और पूरे आयोजन की गतिविधियों को करीब से कवर करते नजर आए।

कार्यक्रम में धर्मगुरुओं की मौजूदगी ने इसे और भी खास बना दिया। मौलाना बदरुल हसन कांधलवी, मौलाना अरशद कांधलवी, मौलाना मेराजुल हसन कांधलवी, मौलाना अनवर कांधलवी और मौलाना अतहर कांधलवी समेत कई उलेमा-ए-किराम ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए भाईचारे और एकता का संदेश दिया। वहीं आईजी विजय कुमार गर्ग की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और ऊंचा कर दिया।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों ने भी अपने विचार साझा किए।

पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा, “कांधला में आयोजित यह ‘सद्भावना भोज’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने की एक खूबसूरत पहल है। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं और लोगों के दिलों को करीब लाते हैं।”
चौधरी विरेन्द्र सिंह ने कहा, “आज के दौर में इस तरह के आयोजन बहुत जरूरी हैं। यहां जिस तरह हर वर्ग के लोग एक साथ बैठे, वह सामाजिक एकता की सच्ची तस्वीर है। यह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।”
सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा, “यह कार्यक्रम मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देता है। जब समाज के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठते हैं, तो वही असली एकता होती है।”
किसान नेता नरेश टिकैत ने कहा, “गांव-देहात और शहर के लोगों को जोड़ने का यह एक बेहतरीन जरिया है। इस तरह के आयोजन समाज में अपनापन बढ़ाते हैं और लोगों के बीच दूरियां खत्म करते हैं।”
मेहमानों ने चेयरमैन नजमुल इस्लाम की शानदार मेहमाननवाज़ी की खुलकर सराहना की और उनके वालिद मरहूम मियाँ फ़ैज़ुल इस्लाम साहब (पूर्व चेयरमैन) को याद करते हुए कहा कि यह परिवार हमेशा से समाज को जोड़ने की परंपरा निभाता आया है।
अंत में चेयरमैन नजमुल इस्लाम ने सभी मेहमानों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक भोज नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांधला की एकता और भाईचारा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।