उत्तर प्रदेश कैराना शामली

 

स्टार यूनिवर्स मिडिया न्यूज एजेंसी

विजिलेंस दर्पण समाचार पत्र संवाददाता 

कैराना। नगर पालिका के सीमा विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद आगामी निकाय चुनाव में तीन वार्ड बढ़ जाएंगे। पहले पालिका के 25 वार्डों में मतदान होता था। इस बार 28 वार्डों के मतदाता अपनेे वोट डालेंगे।
दशकों से कैराना नगर पालिका का क्षेत्रफल 5.11 वर्ग किलोमीटर था। समय बीतने के साथ जनसंख्या बढ़ती गई। इसके परिणामस्वरूप बाहरी क्षेत्रों में आबादी बस गई। यहां रहने वाले न तो ग्राम पंचायत में मत डालते थे और न ही निकाय चुनाव में मतदान करते हैं। बीती दो अगस्त को कैबिनेट में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कैराना पालिका के सीमा विस्तार पर मुहर लगा दी। इसके बाद पालिका का क्षेत्रफल 17.63 वर्ग किमी हो गया है।

तीन वार्ड और 20 हजार मतदाता तथा नौ बूथ का इजाफा
2017 के निकाय चुनाव के दौरान कैराना नगर पालिका के 65 हजार 094 मतदाता थे। सीमा विस्तार के बाद करीब 20 हजार मतदाताओं के बढ़ने की संभावना है। जिसके चलते निकाय चुनाव में लगभग 85 हजार मतदाता होंगे। ईओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पहले 25 वार्डों में से केवल वार्ड-5 दरबार खुर्द में ही फेरबदल किया जाएगा। बाहरी बस्तियों के ही नए वार्ड बनाए गए हैं। पहले पालिका क्षेत्र में मतदान के लिए 77 बूथ बनाए जाते थे। इस बार 86 बूथ बनाए जाएंगे।
पालिका अभिलेखों में दर्ज होंगे मकान, सर्वे शुरू
नगर पालिका कैराना क्षेत्र का सीमा विस्तार होने के बाद वार्डों का गठन पूर्ण हो चुका है। इसके बाद वार्डों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। पालिकाध्यक्ष हाजी अनवर हसन व ईओ इंद्रपाल सिंह के निर्देश पर आय बढ़ाने के उद्देश्य से विस्तारित क्षेत्र में सर्वे शुरू करा दिया है। इसके लिए शाकिर हुसैन को नोडल अधिकारी तथा मोहम्मद असलम, इनाम हसन, रविकांत व जहांगीर को सुपरवाइजर नियुक्त किया है। इनकी देखरेख में एक दर्जन कर्मचारियों की टीम गुलशन नगर, इस्लामनगर, आर्यपुरी, बदलूगढ़, ब्लॉक कॉलोनी में मकानों का सर्वे कर रही है। इसके पूर्ण होने पर जानकारी पालिका अभिलेखों में दर्ज हो जाएगी। इसके साथ ही, मकानों को नंबर भी आवंटित कर दिए जाएंगे। सर्वे टीम के सुपरवाइजर मो. असलम ने बताया कि यह कार्य एक सप्ताह में पूर्ण हो जाएगा। इनमें रहने वालों को पालिका की ओर से सुविधाएं मिलेंगी।
पांच अक्तूबर से बीएलओ घर घर जाकर बनाएंगे वोट
पालिका की बाहरी बस्तियों में नए वोट बनाने के लिए तहसील प्रशासन की ओर से 86 बीएलओ नियुक्त किए गए हैं। सभी बीएलओ पांच अक्टूबर से घर-घर जाकर वोट बनाएंगे।

70 के दशक में चेयरमैन थे श्यामलाल सिंघल
मोहल्ला पट्टो वाला निवासी मनोज सिंघल ने बताया कि उनके दादा श्यामलाल 70 के दशक में पालिका चेयरमैन निर्वाचित हुए थे। उस समय वार्ड मेंबर ही मतदान करके चेयरमैन बनाते थे। 1990 के आसपास चेयरमैन बसीर अहमद को नोटिस मिलने पर दो साल तक वाइस चेयरमैन नन्हामल ने पदभार संभाला। कैराना मुस्लिम बहूल होने से मुस्लिम चेयरमैन ही चुने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *